रायगढ़. सारंगढ़ थाना क्षेत्र में घर में पढ़ने वाली बच्चियों से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। आरोपी दो महीने से बच्चियों के साथ अश्लील हरकतें करते आ रहा था। लेकिन बच्चियां बताने की हिम्मत नहीं कर पा रही थी। शुक्रवार को एक बच्ची ने अपनी मां को इसकी जानकारी दी तो मामले का खुलासा हुआ। परिजन की शिकायत पर सारंगढ़ पुलिस ने आरेापी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सारंगढ़ निवासी राजेंद्र देवांगन दशहरे के बाद से गांव के कुछ बच्चियों को ट्यूशन पढ़ा रहा था। ट्यूशन के दौरान ही आरोपी बच्चियों को अपने कमरे में ले जाकर उनके कपड़े उतारता और अश्लील हरकतें करता। बच्चियां डर से किसी को इस बारे में बता नहीं पा रही थी। आरोपी के पास 2 साल से लेकर 8 साल तक की बच्ची ट्यूशन ले रही थी। शुक्रवार को एक बच्ची ने हिम्मत की और मां को सारी बात बताई। महिला पति के साथ सारंगढ़ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को बच्ची ने बताया कि वह उसके अलावा बाकी बच्चियों से भी अश्लील हरकतें करता था। पुलिस ने मामले में धारा 354 क, 376, 511 और पाक्सो एक्ट में जुर्म दर्जकर आरोपी को जेल भेज दिया है। आरोपी कपरतुंगा हाई-स्कूल में शासकीय शिक्षक है।
बच्चों से कहे ऐसी हरकतें न छुपाएं
जिला बाल संरक्षण अधिकारी दीपक डनसेना के अनुसार बच्चों को इसकी जानकारी पहले ही दी जानी चाहिए ताकि अगर बच्चों के साथ कभी भी ऐसी हरकत करे तो वो तुरंत परिजन या आसपास मौजूद लोगों को इसकी जानकारी दें। परिजन बच्चों को कि अगर कोई उनसे गलत तरीके से व्यवहार करे और डराए, धमकाए तो उसे छुपाने के बजाए शिकायत करें।
बेड टच-गुड टच बताएंगे
“हम बच्चों को गुड टच बैड टच के बारे में जानकारी देने का प्रयास कर रहे हैं। कोरोना के कारण कुछ महीनों से हम कोई भी कार्यक्रम नहीं कर पा रहे । अब इस पर फिर ध्यान दिया जाएगा। ऑनलाइन जागरूकता कार्यक्रम कराए जाएंगे।”
-डॉ आरपी भैय्या, एएसपी, महिला एवं बाल अपराध अनुसंधान विभाग
मेंटल डिसआर्डर का मामला
“मेंटल डिसआर्डर का मामला हो सकता है। इसमें व्यक्ति सामान्य रूप से अलग व्यवहार करता है, लेकिन जब परिस्थितियां बदलती है तो वह सामान्य हो जाता है। मानसिक बीमारी में दिमाग में व्हाइट मैटर का वॉल्यूम भी कम हो जाता है, जिससे वह फैसले नहीं ले पाता।”
-डॉ. राजेश अजगल्ले, मनोरोग विशेषज्ञ (प्रोफेसर मेडिकल कॉलेज)
साभार: दैनिक भास्कर

