रायगढ़. जिले में कोरोना से राहत दिखने लगी है। लगातार तीन दिन कोरोना मरीजों की रोज मिलने वाली संख्या 100 से कम रही है। गुरुवार को जिले में 92 संक्रमित पाए गए। कोरोना संक्रमण से किसी की जान नहीं गई है। दिसंबर के दस दिनों में 22 हजार 500 लोगों की जाँच में 1045 मरीज मिले हैं। इस तरह संक्रमण की दर 4.6 प्रतिशत रही जबकि नवंबर में यह 5.2 प्रतिशत थी। गुरुवार को जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार 2278 लोगों की जांच हुई। संक्रमित लोगों की रिपोर्ट में आरटीपीसीआर से 46, ट्रूनेट से 7 और रेपिड एन्टीजन से 39 मरीज मिले। 166 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। पिछले 24 घंटे में किसी मरीज की मौत नही हुई है। जिले में अब कोरोना के कुल मामले 20 हजार 382 हो गए हैं। गुरुवार को मिले संक्रमितों में वृद्धाश्रम में दो पॉजिटिव पाए गए चार दिन पहले बड़े रामपुर वृद्धाश्रम से 8 मरीज मिले। साथ ही हाउसिंग बोर्ड कालोनी से 3, बोइरदादर से 3 , कबीर चौक से 3 , ढिमरापुर से 4 , रामभांठा से 2 , रामनिवास टॉकीज रोड से 2 सहित शहर से 40 से ज्यादा मरीज मिले हैं।

