गुरुवार की दोपहर बिर्रा के पास हसदेव नदी में हुआ हादसा, शादी से लौट रहे थे तीनों
जांजगीर. गुरुवार की दोपहर हसदेव नदी में सिलादेही के पास बने पुलिया पर जायलो के चालक ने सामने से आ रही बाइक को सीधी ठोकर मार दी। जायलो की ठोकर इतनी जोर से थी कि बाइक में सवार तीन लोग पुल से नीचे नदी में गिर गए। मौके पर तीनों की मौत हो गई। वहीं बाइक जायलो के अंदर घुस गई। घटना बिर्रा थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार नवागढ़ थाना क्षेत्र के किरीत निवासी तिवारी लाल साहू (50) अपनी पत्नी संतोषीबाई साहू (46) और बेटे गोपीकिशन (19) के साथ अपने किसी रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने गए थे। गुरुवार को वे बाइक से वापस अपने गांव किरीत आने के लिए निकले। केरा होते हुए उन्हें अपने गांव जाना था, बिर्रा से आगे सिलादेही के पास वे लोग हसदेव नदी में बने पुल पर जा रहे थे कि विपरीत दिशा से केरा की ओर से एक जायलो क्रमांक सीजी 12 एएम 8367 में चालक विकास साहू और जायलो मालिक रामचरण पंकज का बेटा सतीश पंकज बिलासपुर की ओर से लौट रहे थे। पुल के ऊपर जायलो चालक ने बाइक को सीधी ठोकर मार दी। जायलो की ठोकर से बाइक सवार तीनों व्यक्ति उछल कर सीधे नदी में जा गिरे। नदी में गिरने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जिसने सुना वही पहुंचा देखने के लिए
घटना की जानकारी किरीत के लोगों को होने पर गांव में शाेक छा गया। हादसे में पिता, पत्नी और बेटे तीनों की मौत की सूचना मिलने पर गांव से लोग बड़ी संख्या में देखने के लिए मौके पर पहुंच गए। जिससे मौके पर भीड़ लग गई।
इतना भयंकर हादसा कि जायलो के भी परखच्चे उड़े, बाइक रेत में घुस गई
टक्कर कितनी खतरनाक थी इसका अंदाजा लगाया जा सकता है कि इससे जायलो के भी सामने और पीछे का भी कांच टूट गया। वहीं बाइक घसीटते हुए जायलो के पीछे की ओर जा कर फंस गई। एसडीओपी बीएस खूंटिया ने बताया कि घटना के बाद जायलो में सवार दोनों युवक बिर्रा थाना पहुंचे और घटना की जानकारी दी। युवकों ने बताया कि वे लोग बिलासपुर से अपने गांव सिलादेही लौट रहे थे कि पुल के ऊपर जायलो की ब्रेक चिपक गई, जिसके कारण सामने से आ रही बाइक टकरा गई और हादसा हो गया।
साभार: दैनिक भास्कर

