रामनिवास टॉकीज-एमजी रोड- सुभाष चौक की दुकानें प्रभावित , कलेक्टर बोले: सहयोग करें
रायगढ़. शहर की चरमराई यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए संकरी सड़कों को चौड़ी करने के लिए कलेक्टर ने व्यापारियों की बैठक ली। व्यापारियों को शहर को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग करने के लिए कहा गया। बुधवार को नगर निगम की टीम ने सुभाष चौक से गांधी चौक के बीच कुछ दुकानों को मार्किंग की थी। दरअसल टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के अनुसार सड़क की वर्तमान चौड़ाई 60 फीट है लेकिन मौके पर सड़क 40 फीट तो कहीं 30 फीट ही है। ऐसे में दुकानों के बाहर मार्किंग कर उन्हें कब्जा हटाने के लिए कहा गया था। व्यापारियों द्वारा इस पर आपत्ति किए जाने के बाद शुक्रवार को सृजन सभाकक्ष में कलेक्टर भीम सिंह ने व्यापारियों की बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने व्यापारियों से कहा, टाउन हॉल के सामने से सुभाष चौक होते हुए महात्मा गांधी चौक से रामनिवास टॉकीज तक के सड़कों का चौड़ीकरण किया जाना जरूरी है। यह शहर की प्राइम लोकेशनऋ है। इसके चौड़ीकरण होने से एक तरफ जहां ट्रैफिक का दबाव कम होगा। वहीं दूसरी ओर व्यापारियों को प्राइम लोकेशन में दुकानें मिलेंगी। इससे शहर की सुंदरता भी बढ़ेगी। बैठक में महापौर जानकी काटजू, आयुक्त आशुतोष पांडेय, नेता प्रतिपक्ष पूनम सोलंकी, पूर्व सभापति सलीम नियारिया के अलावा इलाके के व्यापारी व रहवासी थे।
इन मार्गों पर ये दुकानें हो रही हैं प्रभावित
टाउनहॉल के सामने से सुभाष चौक तक 21 दुकानें
सुभाष चौक से गांधी प्रतिमा तक 24 दुकानें
गांधी प्रतिमा से रामनिवास टॉकीज तक 12 दुकानें
सभी व्यापारी व नागरिकों की सुनी जाएगी बात
कलेक्टर भीम सिंह ने कहा, चौड़ीकरण के पहले सभी व्यापारियों की बात सुनी जाएगी। उन्होंने कहा, शहर को सुंदर बनाने के लिए व्यापारी को आगे आना चाहिए। प्रशासन का साथ देना चाहिए, ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके। सड़कों के चौड़ीकरण को आवश्यक बताते हुए इसपर सहयोग करने की व्यापारियों से कहा गया।
चूने से बने हैं घर, 3 फीट से ज्यादा टूटे तो ढह जाएंगे
व्यापारियों ने बैठक में अपनी बात रखते हुए दुकान से ज्यादा तोड़फोड़ होने पर आर्थिक क्षति पहुंचने संबंधित बातें रखी। उन्होंने पुराने जमाने के चूने पत्थर से मकान बने होने की बात कही। व्यापारियों ने कहा, 3-3 फीट तोड़ने पर घर ही ढह जाएगी। कलेक्टर ने एक-एक घर की मार्किंग करने के लिए निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय को निर्देशित किया।
साभार: दैनिक भास्कर

