रायगढ़, 15 जुलाई2021/ आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास, स्कूल शिक्षा तथा सहकारिता विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ.प्रेमसाय सिंह टेकाम ने आज रायगढ़ के नटवर स्कूल परिसर में संचालित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने स्कूली बच्चों द्वारा तैयार किए गए साईंस मॉडल व प्रोजेक्ट तथा आर्ट एण्ड क्राफ्ट वर्क का अवलोकन किया और बच्चों से उससे जुड़े सवाल पूछे। बच्चों ने तैयार किए मॉडल और प्रोजेक्ट के बारे में सवालों के जवाब दिए जिस पर मंत्री डॉ.टेकाम ने उन्हें शाबासी भी दी। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई लिखाई के बारे में जानकारी ली और कहा कि सभी खूब मन लगाकर पढ़ाई करें। उन्होंने स्कूल भवन के निर्माण कार्य की भी जानकारी ली तथा शीघ्र इसे पूर्ण करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री डॉ. टेकाम ने आज रायगढ़ प्रवास के दूसरे दिन सुबह इंग्लिश मीडियम स्कूल के निरीक्षण में पहुँचे। यहां उन्होंने निरीक्षण के दौरान बच्चों द्वारा तैयार किये साइंस प्रोजेक्ट को देखा। कक्षा 5 वीं के छात्र श्रेष्ट सिन्हा ने हमारा सौर्य मंडल का रोटेटिंग मॉडल तैयार किया गया था। मंत्री डॉ.टेकाम ने छात्र से सौर्य मंडल के ग्रहों के बारे में तथा सूरज के सबसे पास वाले ग्रह का नाम पूछा, बच्चे के सही जवाब देने पर उसे शाबासी मिली। कक्षा 12 वीं की प्रिया सिंह ने मेकेनिकल रोटेटर मशीन तैयार किया था जिस पर मंत्री जी ने मशीन की कार्यप्रणाली की जानकारी ली, छात्रा ने मशीन के बारे में विस्तार से बताया, जिस पर मंत्री डॉ.टेकाम ने उन्हें शाबासी दी। इसी प्रकार कक्षा 5 वीं के मुरसलीन आलम ने सिटी मैप, कक्षा चौथी के आदित्य सोनी ने घरों के प्रकार, कक्षा 7 वीं की माधुरी मराठा ने सेतु पाठ्यक्रम, 7 वीं की अर्पणा दुबे ने एमआई राईट प्रोजेक्ट के तहत विटामिनों की जानकारी, कक्षा 12 वीं के नोमेश साहू ने मैजिक ऑफ रिफरेक्टिव इंडेक्स, कक्षा 10 वीं के वागेश राठौर ने वैज्ञानिकों के नाम तथा उनके खोज और 9 वीं की ज्योति सेठी ने विभिन्न राज्यों के प्रमुखों फसलों का प्रोजेक्ट बनाया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ऑनलाईन कक्षा संचालन का अवलोकन किया। महतारी दुलार योजना के तहत स्कूल में प्रवेशित बच्चों को उन्होंने किताब सेट प्रदान किया।


