जशपुरनगर 05 अगस्त 2021/ कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने आज जिला चिकित्सालय में एक और ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने के लिए भवन के निर्माण कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को गंभीरता से लेते हुए आगामी 10 अगस्त तक निर्माण कार्यो को पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए है। ताकि शीघ्र ही मरीजों को सुविधा मिल सके। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री के.एस.मण्डावी और जिला अस्पताल के सलाहकार श्री राजेश कुरिल उपस्थित थे।
अस्पताल में पहले भी एक ऑक्सीजन प्लांट लग चुका है। मरीजों की सुविधा के लिए और कोरोना महामारी की तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिला अस्पताल में एक और ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने की तैयारी की जा रही है। इसको मिलाकर जिले में 02 ऑक्सीजन प्लांट हो जायेंगे। वर्तमान में कोविड अस्पताल में भर्ती मरीजों को प्लांट से ऑक्सीजन की सुविधा दी जा रही है। दूसरी संयंत्र की स्थापना हो जाने से और भी मरीजों को इसका लाभ मिलेगा। मशीन को रखने के लिए भवन निर्माण कार्य हेतु 17 लाख 70 हजार की राशि स्वीकृत की गई है।


