रायगढ़. सोशल मीडिया पर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर और विशेष समुदायों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करना एक युवक को महंगा पड़ गया। कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपी दीपांशु सिंह राजपूत (20 वर्ष), निवासी रीवा (मध्यप्रदेश), हाल निवास भगवानपुर, रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
भीम आर्मी भारत एकता मिशन छत्तीसगढ़ के जिला अध्यक्ष श्रवण कुमार महेश द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी ने इंस्टाग्राम पर जातिगत और अभद्र टिप्पणी की थी। यह पोस्ट समाज में वैमनस्य फैलाने वाली और संवेदनशील भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाली थी।
कोतरारोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर साक्ष्य जुटाए और आरोपी को चिन्हित कर हिरासत में लिया। पूछताछ में युवक ने अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने उसका मोबाइल जब्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 196, 351(1), 352(2) और एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v)(a) के तहत मामला दर्ज किया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी और उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर जातीय, धार्मिक या सामाजिक विद्वेष फैलाने वाली गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।


