छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता मिली है। जिला रिजर्व गार्ड (DRG) और विभिन्न थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो इनामी नक्सलियों सहित कुल तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को विस्फोटक सामग्री के साथ हिरासत में लिया गया है। यह अभियान बासागुड़ा, भैरमगढ़ और फरसेगढ़ थाना क्षेत्रों में चलाया गया।
बासागुड़ा में इनामी नक्सली गिरफ्तारी
बासागुड़ा थाना पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम ने दो कुख्यात इनामी नक्सलियों को गिरफ्तार किया। इनमें पहला है हड़मा कुंजाम उर्फ बक्का, जो पोलमपल्ली आरपीसी जनताना सरकार का अध्यक्ष है और बिल्लीपारा, नरसापुर का निवासी है। दूसरा है कन्जू उर्फ सुरेश पोडियाम, पुसबाका आरपीसी मिलिशिया प्लाटून कमांडर, जो मुरकीपाड़, गगनपल्ली का निवासी है। दोनों नक्सलियों पर 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इनके पास से टिफिन बम, डेटोनेटर, कार्डेक्स वायर और बैटरी बरामद हुई है।
भैरमगढ़ में तीसरा नक्सली पकड़ा गया
डीआरजी और भैरमगढ़ थाना पुलिस की एक और संयुक्त कार्रवाई में जुनवानी मेन रोड से राजू लेकाम को गिरफ्तार किया गया। वह बोड़गा आरपीसी जनताना सरकार का सदस्य है और विस्फोटक सामग्री लेकर पगडंडी रास्ते से जा रहा था। तलाशी में उसके पास से टिफिन बम, कार्डेक्स वायर, सेफ्टी फ्यूज, बैटरी, बिजली का तार और जमीन खोदने के औजार बरामद किए गए।
फरसेगढ़ में नाबालिग हिरासत में
फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के आलवाड़ा जंगल में एक नाबालिग को विस्फोटक सामग्री के साथ पकड़ा गया। उसके पास से टिफिन बम, डेटोनेटर, कार्डेक्स वायर, बैटरी और नक्सली साहित्य बरामद हुआ। नाबालिग के खिलाफ बीएनएस और विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।


