छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक चौंकाने वाला ब्लैकमेलिंग कांड सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जामुल थाना क्षेत्र में एक युवक को अश्लील वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल कर उससे 29 लाख 40 हजार रुपये की ठगी की गई। इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आलोक मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है।
ऐसे शुरू हुई ब्लैकमेलिंग की कहानी
पीड़ित युवक एक निजी कंपनी में कार्यरत है। उसकी पहचान आरोपी आलोक मिश्रा से हुई, जिसने खुद को सब्जी व्यवसायी बताया और व्यवसाय में भागीदारी का लालच देकर युवक को अपने घर बुलाया। वहीं पर आरोपी ने युवक के साथ जबरदस्ती अप्राकृतिक संबंध बनाए और इसका वीडियो मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया।
वीडियो वायरल करने की धमकी से डरता रहा पीड़ित
इसके बाद आलोक मिश्रा ने पीड़ित को वीडियो वायरल करने की धमकी देनी शुरू कर दी। लोक लाज और सामाजिक बदनामी के डर से युवक लगातार आरोपी की डिमांड पर किश्तों में पैसे देता गया। इस तरह से कुल 29 लाख 40 हजार रुपये की वसूली की गई। जब आरोपी का लालच बढ़ता ही गया और मांगें थमने का नाम नहीं ले रहीं थीं, तब पीड़ित ने साहस दिखाते हुए जामुल थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
शिकायत मिलते ही जामुल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और उसे दुर्ग के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
गौरतलब है कि दुर्ग जिले में यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले एक सराफा व्यापारी से भी अश्लील वीडियो के जरिये दो करोड़ रुपये की ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया था, जिसमें पति-पत्नी को गिरफ्तार किया गया था।


