जांजगीर. वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से हवा की दिशा एक बार फिर बदल गई है। इसके चलते दिन के और रात में तापमान में बढ़ोतरी हुई है। बुधवार को दिन का तापमान सामान्य से तीन डिग्री तो रात को पारा दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों के अनुसार छठ पर्व की शुरुआत के साथ अगले तीन चार दिनों तक हल्के बादलों के कारण तापमान में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी के आसार नहीं है। मौसम विभाग के विशेषज्ञ डॉ एचपी चंद्रा ने बताया कि अफगानिस्तान से सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस अगले कुछ दिनों तक अपने साथ बादल और नमी लाकर मौसम को प्रभावित करेगा। इस दौरान बादल के चलते तापमान में बहुत ज्यादा अंतर नहीं आएगा। इसका असर गुरुवार से ही दिखने लगा है। सुबह सूर्योदय और उसके बाद आसमान में ऊंचाई वाले हल्के बादल छाए रहे। दिन का अधिकतम तापमान 33 तो रात का पारा 18 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम में इस बदलाव के कारण लोगों को ठंड राहत महसूस की। इस साल मानसून की विदाई के बाद उत्तरी छत्तीसगढ़ में अचानक कड़ाके की ठंड पड़ने लगी। नवंबर के पहले हफ्ते में तो न्यूनतम तापमान 13 डिग्री के करीब पहुंच गया था। मौसम के इस बदलते लोग हैरान थे।

