पूर्ण चंद्र ग्रहण आज: समय, सूतक काल और 12 राशियों पर प्रभाव

साल 2025 का दूसरा और भारत में पहला चंद्र ग्रहण आज, 7 सितंबर की रात को लगेगा। यह भाद्रपद मास की पूर्णिमा तिथि पर घटित हो रहा है और एक पूर्ण चंद्र ग्रहण के रूप में भारत के अधिकांश हिस्सों से दिखाई देगा। ज्योतिषाचार्य पं. मनोज कुमार द्विवेदी के अनुसार यह ग्रहण कुंभ राशि और पूर्वाभाद्रपद नक्षत्र में घटित हो रहा है, जो इसे विशेष प्रभावशाली बनाता है।
ग्रहण का प्रारंभ रात 9:57 बजे होगा, मध्य काल रात 11:41 बजे और मोक्ष काल रात 1:27 बजे रहेगा। सूतक काल आज दोपहर 12:26 बजे से शुरू होकर ग्रहण के अंत तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान पूजा-पाठ, देव-प्रतिमाओं का स्पर्श और हवन जैसे धार्मिक कार्य वर्जित हैं। परंतु जप और ध्यान करना अत्यंत फलदायी माना गया है।
चंद्र ग्रहण का प्रभाव सभी 12 राशियों पर देखने को मिलेगा। मेष राशि वालों को अचानक धन लाभ के योग बनेंगे, लेकिन स्वास्थ्य का ध्यान रखना आवश्यक रहेगा। वृषभ राशि पर कार्यक्षेत्र में परिवर्तन का असर पड़ेगा। मिथुन राशि वालों के लिए यह ग्रहण शुभ रहेगा, धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। कर्क राशि के जातकों को परिवार में तनाव का सामना करना पड़ सकता है। सिंह राशि वालों के लिए यह ग्रहण करियर में लाभकारी साबित होगा, पर अहंकार से बचना आवश्यक है। कन्या राशि वालों को शत्रु पर विजय मिलेगी और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में सफलता मिलेगी। तुला राशि वालों को पारिवारिक जीवन में विवाद से बचना होगा। वृश्चिक राशि वालों को वाहन व यात्रा से लाभ मिलेगा, साथ ही नई संपत्ति खरीदने का योग बन सकता है। धनु राशि के जातकों के लिए यह ग्रहण शुभ रहेगा, रुके कार्य पूरे होंगे। मकर राशि वालों को खर्च पर नियंत्रण रखने की सलाह दी गई है। कुंभ राशि वालों के व्यक्तित्व और मानसिक संतुलन पर प्रभाव पड़ेगा, इसलिए आध्यात्मिक साधना शुभ होगी। मीन राशि वालों को आर्थिक मामलों में सतर्क रहने की जरूरत है।
जप, ध्यान और दान-पुण्य से ग्रहण के नकारात्मक प्रभाव को कम किया जा सकता है। यह समय मानसिक संतुलन साधने और आत्मचिंतन करने के लिए उत्तम माना गया है।